वजीरगंज विकासखंड परिसर में राज्य महिला आयोग की जागरूकता चौपाल, महिलाओं को अधिकारों और योजनाओं की दी जानकारी
जनपद बदायूं के वजीरगंज विकासखंड परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में जागरूकता चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को 2 बजे करीब बदायूं जिले के विकासखंड वजीरगंज परिसर में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अवनी सिंह की अध्यक्षता में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अवनी सिंह ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। यदि किसी महिला के साथ उत्पीड़न, हिंसा या अन्य प्रकार की समस्या होती है तो वह बिना किसी भय के संबंधित विभाग, महिला हेल्पलाइन-181, आपातकालीन सेवा-112 तथा अन्य सरकारी माध्यमों से शिकायत दर्ज कर सकती है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार और समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक महिला अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त करे। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि उसका समयबद्ध समाधान कराया जा सके।
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

