शनि मंदिर से चोरी हुआ 12 किलो का पीतल का घंटा 24 घंटे में बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शाहजहाँपुर। शहर के शनि मंदिर से पीतल का घंटा चोरी होने की घटना का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 12 किलो वजन का चोरी गया पीतल का घंटा बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया। कोतवाली क्षेत्र स्थित शनि मंदिर के पुजारी जितेंद्र मिश्र की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद रविवार शाम करीब 4:40 बजे मघईटोला से हाईवे जाने वाले मार्ग पर कान्हा गौशाला के पास स्थित एक ट्यूबवेल के निकट से विनीत पुत्र दयाराम, निवासी लाला तेली बजरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास मौजूद नीले रंग के थैले में जूट की बोरी के अंदर चोरी किया गया करीब 12 किलो वजनी पीतल का घंटा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 27 जून की दोपहर शनि मंदिर से घंटा चोरी किया था। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद नदीम और आरक्षी दीपांशु शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

