रोजा पुलिस ने बाइक चोरी का किया खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
शाहजहांपुर। रोजा थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, थाना रोजा क्षेत्र के चकभिटारा निवासी आनंद पुत्र रामसरन ने 17 जून 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी मोटरसाइकिल 21 नवंबर 2025 को अटसलिया ओवरब्रिज के पास स्थित परी नमकीन के नजदीक से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। रविवार को थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी की घटना में शामिल कुछ युवक ग्राम दिउरिया के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और बरामदगी के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम दिउरिया निवासी मोईन (20), आशीष उर्फ मिथुन (20) तथा मोहल्ला नई बस्ती निवासी रिजवान (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम अग्रवाल, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल अरुण कुमार, रिजर्व आरक्षी विनय कुमार तथा रिजर्व आरक्षी नितिन कुमार की अहम भूमिका रही।
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

