बाइक सवार को बचाने में खाई में पलटी बारातियों से भरी बस, 22 घायल
मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। फर्रुखाबाद-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर रविवार रात बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में करीब 22 बाराती घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, कलान थाना क्षेत्र के तिहाड़खेड़ा गांव निवासी अनूप कुमार की बारात रविवार रात करीब साढ़े दस बजे जलालाबाद क्षेत्र के गांव टिकरी जा रही थी। रास्ते में मिर्जापुर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। बस पूरी तरह उलट जाने से कई यात्री अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस के दरवाजों व खिड़कियों के जरिए यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे में दूल्हे के चाचा बाबूराम, तहेरे भाई भूपेंद्र और शरदवीर समेत रिश्तेदार ओमकार, विकास व अन्य लोग घायल हो गए। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। अधिकांश को मामूली चोटें आने की बात कही जा रही है।
क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ज्योति यादव ने बताया कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

