दवा लेने निकली किशोरी हुई लापता, पुलिस ने सकुशल बरामद कर आरोपी को भेजा जेल
शाहजहांपुर। मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई एक नाबालिग किशोरी के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। मामले की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक 16 जून को एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग भतीजी घर से दवा लेने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके बयान दर्ज किए। बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल कर लीं। विवेचना के दौरान मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी अरमान उर्फ अज्जू का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने डैम रोड स्थित पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। #पत्रकार आमिर महफूज खान
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

