लखनपुर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: 4 दिन में आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
कठुआ, 19 मई: जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लखनपुर थाना क्षेत्र के धन्ना गांव में हुए ब्लाइंड मर्डर केस को महज़ 4 दिनों में सुलझा लिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा IPS के समग्र पर्यवेक्षण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले को सुलझाया। जानकारी के अनुसार, 15/16 मई 2026 की रात थाना लखनपुर को सूचना मिली थी कि धन्ना गांव निवासी और पेशे से ठेकेदार रूप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लखनपुर में FIR नंबर 51/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के लिए DSP DAR भगवान दास डांडिया और SHO लखनपुर नीरज चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्रों में गहन पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को सरदार सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी त्रिदवां, जिला कठुआ पर शक हुआ, जो घटना के बाद से लापता था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मृतक के पास मजदूरी करता था और उसके लगभग 6 हजार रुपये बकाया थे। पैसों के विवाद को लेकर आरोपी ने गुस्से में आकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने पिता की 12 बोर बंदूक लेकर रात के समय खिड़की के पास सो रहे रूप सिंह को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस की बढ़ती गतिविधियों को देखकर आरोपी जम्मू-कश्मीर छोड़कर हिमाचल प्रदेश भाग गया।
लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने 19 मई की सुबह करीब 7 बजे आरोपी को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया।
कठुआ पुलिस की इस तेज़ और पेशेवर कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
पत्रकार आमिर महफूज खान
केजीएन एक्सप्रेस न्यूज़
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor
