सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पुवायां (शाहजहांपुर)। पुवायां थाना क्षेत्र में बुधवार को एक मजदूर का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। ग्राम उम्रसंडा निवासी 48 वर्षीय वेद प्रकाश उर्फ वेदराम पुत्र नंगू लाल जाटव मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, वह बुधवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच चौडेरा से उम्रसंडा जाने वाले मार्ग पर चौडेरा से करीब 100 मीटर आगे सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी आर.के. रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचीं पत्नी रूबी देवी ने शव की पहचान अपने पति वेद प्रकाश उर्फ वेदराम के रूप में की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों संदीप (14), संध्या (11), काजल (9), सौम्या (7) और बिलकिस (5) को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा मजदूरी ही थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

