होटल में छापेमारी, कथित सेक्स रैकेट का खुलासा: चार युवतियां, एक युवक मिले, मैनेजर गिरफ्तार

होटल में छापेमारी, कथित सेक्स रैकेट का खुलासा: चार युवतियां, एक युवक मिले, मैनेजर गिरफ्तार

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-58 स्थित ड्रीम हॉलिडे होटल पर सोमवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान होटल से चार युवतियां और एक युवक मिले, जबकि होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया। होटल मालिक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार होटल में लंबे समय से कथित देह व्यापार संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सोमवार शाम सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में छापा मारा। मौके से मिली चारों युवतियों और एक युवक को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हिरासत में ली गई युवतियां मेरठ की निवासी नहीं हैं। इनमें दो दिल्ली और दो गाजियाबाद की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे होटल तक कैसे पहुंचीं और उनके ठहरने की व्यवस्था किसने कराई। छापेमारी के दौरान होटल मालिक रोहित मौके से फरार हो गया, जबकि मैनेजर गुलफाम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने होटल का रजिस्टर भी कब्जे में लेकर जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया। अधिकारियों के अनुसार, मैनेजर रजिस्टर में दर्ज विवरण और होटल संचालन को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि होटल में कमरे एक हजार से 1500 रुपये तक किराये पर दिए जाते थे। कुछ जानकारियां यह भी मिली हैं कि ग्राहकों से कथित तौर पर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया जाता था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है। इस बीच नरसिंह वाहिनी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि होटल परिसर में भगवान की मूर्ति के समीप आपत्तिजनक सामग्री रखी गई थी, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की थी। मौके से चार युवतियां और एक युवक मिले हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार होटल मालिक की तलाश जारी है।

https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!