हल्द्वानी के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार, 10 महिलाएं मुक्त
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने रामनगर क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया। मौके से एक नाबालिग समेत 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने रिसॉर्ट को भी सील कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी, एएचटीयू और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रिसॉर्ट में छापा मारा। पुलिस के अनुसार, मौके पर बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। इसके अलावा शराब और नशे की पार्टी चल रही थी तथा महिलाओं से अश्लील नृत्य कराकर उन पर नोट उड़ाए जा रहे थे। पुलिस ने 51 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
!!मेरठ के कारोबारी ने कराई थी पार्टी!!
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार निवासी मेरठ ने बताया कि वह कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है। उसने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि करीब 10 दिन पहले उसने रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और तथाकथित एक्स्ट्रा सर्विस की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बाद 4 से 5 जुलाई के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया गया। पुलिस के अनुसार राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने सुनील कुमार के माध्यम से प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से महिलाओं की व्यवस्था कराई थी। जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने होटल स्टाफ को पार्टी में शामिल लोगों और महिलाओं की आगंतुक रजिस्टर में कोई प्रविष्टि न करने के निर्देश दिए थे, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें।
!!भारी मात्रा में सामान बरामद!!
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, 10 रुपये के भारतीय मुद्रा जैसे दिखने वाले 24 बंडल नकली नोट, महिलाओं पर उड़ाए गए नोट, आपत्तिजनक सामग्री, एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स बरामद किए हैं।
!!रिसॉर्ट सील, मैनेजर फरार!!
अनैतिक देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए रिसॉर्ट का इस्तेमाल होने तथा साक्ष्य छिपाने के प्रयास के चलते पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

