जिलाबदर अपराधी अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, परिवार से मिलने चोरी-छिपे आया था शहर
शाहजहाँपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक जिलाबदर अपराधी को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी छह माह के लिए जिला बदर किए जाने के बावजूद चोरी-छिपे शहर में अपने परिवार से मिलने आया था। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काशीराम कॉलोनी निवासी करन गुप्ता, जिसे 6 जून 2026 को छह माह के लिए जनपद की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया था, शाहजहाँपुर में मौजूद है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बरेली हाईवे से कान्हा गौशाला जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दी। मंगलबार सुबह करीब 3:50 बजे पुलिस टीम ने करन गुप्ता को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 190/2026 दर्ज करते हुए शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 तथा उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3/10 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 23 वर्षीय करन गुप्ता के खिलाफ कोतवाली और सदर बाजार थानों में चोरी, जुआ, मारपीट और जानलेवा हमले समेत आठ आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।अभियुक्त की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक सुशांत रावत, कांस्टेबल नवतीत कुमार और कांस्टेबल रोहित सांगवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पत्रकार आमिर महफूज खान
केजीएन एक्सप्रेस न्यूज़
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

