आधी रात घर से बाहर गई बेटी, लौटी तो पीट-पीटकर ले ली जान: सांप के डसने और सुसाइड की कहानी गढ़ी, पिता समेत 4 गिरफ्तार
।हरदोई। जिले के संडीला क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आधी रात घर से बाहर जाने पर नाराज परिजनों ने 19 वर्षीय युवती की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को छिपाने के लिए सांप के काटने और आत्महत्या की झूठी कहानी रची गई। पुलिस ने मामले में पिता, दो चाचा और एक चाची को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, संडीला क्षेत्र के मीतो मजरा समदखेड़ा गांव निवासी शुभि (19) 3 जून की रात करीब 12 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। वह 4 जून की सुबह लगभग 4 बजे घर लौटी। घर लौटते ही पिता रामदयाल ने उसे देख लिया और नाराजगी जताते हुए डांटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। आरोप है कि पिता रामदयाल, उसके भाई मुनेश और सुरेश तथा मुनेश की पत्नी माधुरी ने मिलकर शुभि की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या छिपाने के लिए रची साजिश
युवती की मौत के बाद आरोपी घबरा गए। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने हत्या को सामान्य मौत या आत्महत्या साबित करने की योजना बनाई। इसके तहत युवती के हाथ पर सिलाई मशीन की सुई से सांप के डसने जैसे निशान बनाए गए। वहीं गले पर भी फंदे जैसा निशान बनाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बिना पुलिस को सूचना दिए गांव के बाग में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें।
ग्रामीणों के शक से खुला मामला
घटना के बाद गांव में चर्चा शुरू हुई और कुछ ग्रामीणों को पूरे मामले पर संदेह हुआ। उन्होंने 6 जून को पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला हत्या का निकला। इसी दौरान आरोपी रामदयाल की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी मिथिलेशा अपनी छोटी बेटी के साथ पुलिस के पास पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता रामदयाल, चाचा मुनेश, चाचा सुरेश और चाची माधुरी को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवती के देर रात घर से बाहर जाने को लेकर परिवार के लोग नाराज थे। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने और सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है
मैं पत्रकार आमिर महफूज खान
केजीएन एक्सप्रेस न्यूज़
https://www.youtube.com/@admin
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

