रामपुर में पुलिस-मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाश गिरफ्तार:दो के पैर में लगीं गोलियां, यूपी-उत्तराखंड में करते थे लूट, हथियार, बाइक और नकदी बरामद
रामपुर में मंगलवार देर रात बिलासपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी यूपी और उत्तराखंड में लूट व छिनैती की घटनाओं में शामिल थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चंदेन मार्ग स्थित मनिहारखेड़ा मोड़ पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जसपाल सिंह उर्फ जस्सा और मनदीप सिंह घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में हर्षदीप, अमृत सिंह उर्फ गज्जू और जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, सात कारतूस, तीन चाकू, दो बाइक, चार मोबाइल और 15,100 रुपए बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।
पूरा मामला रामपुर के बिलासपुर का है। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश चंदेन मार्ग स्थित मनिहारखेड़ा मोड़ के पास किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही बिलासपुर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान कोटा अलीनगर गांव निवासी जसपाल सिंह उर्फ जस्सा तथा गोकुलनगरी निवासी मनदीप सिंह के पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा पुलिस ने कोटा अलीनगर निवासी हर्षदीप, अमृत सिंह उर्फ गज्जू और गोकुलनगरी निवासी जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, सात जिंदा कारतूस, तीन अवैध चाकू, दो बाइकें, चार मोबाइल फोन और 15,100 रुपए नकद बरामद किए हैं।
यूपी और उत्तराखंड में करते थे वारदात
प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि 6 मई को दिबदिबा क्षेत्र में 45 हजार रुपए की लूट की घटना हुई थी। इस मामले में दिबदिबा निवासी दलजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार को इन पांचों आरोपियों के नाम पता चले थे। इसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाश रामपुर के अलावा उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र में भी लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
कई पुलिसकर्मी रहे शामिल
मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह, एसओजी प्रभारी दीपक कुमार, सर्विलांस प्रभारी टीकाराम चौहान, रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार, उप निरीक्षक केशु शर्मा, आकिल हुसैन सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
kgnexpressnews
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

