लव मैरिज से नाराज़ भाइयों ने जीजा को ट्रेन के आगे फेंका, बिजनौर में सनसनीखेज हत्या
बिजनौर जिले में अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के भाइयों और उनके साथियों ने युवक को पकड़कर बेरहमी से पीटा और फिर रेलवे ट्रैक पर फेंककर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मामला स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव जुझैला का है, जहां दलित समाज के युवक गुलशन का गांव रहटोली की रहने वाली एक युवती से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण युवती के परिजन इसके खिलाफ थे। परिवार के दबाव के बावजूद दोनों पीछे नहीं हटे और करीब एक सप्ताह पहले चोरी-छिपे कोर्ट मैरिज कर ली।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद युवती अपने घर लौट आई थी। जब परिजनों को इस विवाह की जानकारी मिली तो वे आक्रोशित हो उठे और युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
आरोप है कि 29/30 अप्रैल की रात जब गुलशन अपनी पत्नी से मिलने गांव पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे युवती के भाई अतर सिंह, पुष्पेंद्र, रजनीश सैनी समेत 10-12 लोगों ने उसे पकड़ लिया। सभी ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे पास से गुजर रही रेलवे लाइन पर ले जाकर देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस के सामने धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह जब युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला तो पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या है, जबकि शुरुआती तौर पर पुलिस इसे हादसा मानकर चल रही थी।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और मांग की कि पहले आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। हंगामे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार आमिर महफूज खान
केजीएन एक्सप्रेस न्यूज़
kgnexpresscrimenews #foryoupage #trendingpost #seoharanews
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

