कासगंज में यादव मोहल्ले में पहुंचते ही अंबेडकर शोभायात्रा पर हुआ पथराव! 1 घंटे तक चले खूब पत्थर फिर DM-SP ने लिया एक्शन
भीमराव अंबेडकर की शोभायात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के कासगंज में जमकर हंगामा हुआ. कासगंज के थाना सहावर के चहका गुनार गांव में अंबेडकर शोभायात्रा निकल रही थी. इस दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया. शोभायात्रा पर जैसे ही पथराव हुआ, मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान करीब 1 घंटे तक दोनों पक्षों में पथराव चलता रहा. मामले को संभालने पहुंची पुलिसकर्मियों की टीम में से एक पुलिसकर्मी भी इस पथराव के दौरान घायल हो गया.
बताया जा रहा है कि जैसे ही शोभायात्रा यादव समाज के मोहल्ले में पहुंची, तभी उसपर पथराव शुरू कर दिया गया. विवाद की शुरूआत गाली-गलौज से हुई. इसके बाद पथराव हो गया. फिर दोनों तरफ से 1 घंटे तक पथराव चलता रहा.
लोगों ने कर दिया रास्ता जाम
बताया जा रहा है कि परंपरागत रूप से निकाली जा रही अंबेडकर शोभायात्रा जैसे ही यादव समाज के क्षेत्र में पहुंची, वहां कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे. हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता भी जाम कर दिया.
डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह और एसपी ओमप्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर किया.कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत करीब 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. प्रशासन का कहना है कि घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एसपी ने ये बताया
इस घटना को लेकर ओमप्रकाश सिंह (एसपी कासगंज) ने बताया, जनपद में कई शोभायात्राएं निकल रही थीं. गुनार गांव में कुछ लोगों द्वारा पथराव किया गया है. अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.
डीएम का भी आया बयान
कासगंज जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने भी मामले में बयान दिया. उन्होंने कहा, करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है. बाकी की पहचान कर कार्रवाई होगी.
फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है. गांव में घटना को लेकर अभी भी तनाव बना हुआ है. पुलिस की नजर बनी हुई है.
https://www.youtube.com/@AamirKhanEditor

